NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) की नौवीं मंजिल से गिरकर 13 वर्षीय सचिन मुर्मू की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता मांगस मुर्मू की शिकायत पर पुलिस ने सचिन के दो नाबालिग दोस्तों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों नाबालिग दोस्त सचिन को घर से अपने साथ ले गए थे। परिवार का कहना है कि सचिन उनके साथ जाने के लिए तैयार नहीं था, क्योंकि उसकी मां उसे अपने साथ दुकान ले जाने वाली थी। बावजूद इसके दोस्तों के कहने पर वह उनके साथ चला गया।
मृतक के पिता का आरोप है कि खेल-खेल में या किसी विवाद के दौरान सचिन को नौवीं मंजिल से धक्का दिया गया होगा। उनका कहना है कि जिस परिस्थिति में बेटे का शव मिला, उससे यह मामला सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष, गहन और वैज्ञानिक जांच कराने की मांग की है ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके।
रविवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए।
बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।

