जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2025–26 के दौरान हुई अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों का मुद्दा सोमवार को विधानसभा में जोरदार तरीके से उठा। पोटका के विधायक संजीव सरदार के तारांकित प्रश्न के जवाब में राज्य सरकार ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित 335 परिवारों को अब तक मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है।
विधायक संजीव सरदार की गैरमौजूदगी में मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने सदन में उनका प्रश्न रखा। इस पर आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जवाब देते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिया गया है।
684 प्रभावित परिवारों का मामला उठाया गया
विधायक संजीव सरदार ने अपने सवाल के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर दिलाया कि पोटका प्रखंड क्षेत्र में कुल 684 परिवारों ने अतिवृष्टि से घर क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कर आवेदन दिया था। हालांकि अब तक सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा स्वीकृत नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी पात्र परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए।
सरकार बोली – सूची मिलने पर होगा भुगतान
सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि जिन प्रभावित परिवारों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए। विभाग इस मामले को गंभीरता से देख रहा है और आपदा राहत कोष में पर्याप्त राशि उपलब्ध है। पात्र परिवारों को नियमानुसार जल्द भुगतान किया जाएगा।
पोटका विधायक संजीव सरदार द्वारा क्षेत्र के प्रभावित परिवारों की आवाज विधानसभा में उठाए जाने से लोगों में उम्मीद जगी है कि बाकी परिवारों को भी जल्द मुआवजा मिल सकेगा।

