NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: खासमहल से गोविंदपुर तक जाने वाली सड़क, विशेष रूप से राहरगोड़ा क्षेत्र की बदहाल स्थिति को लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा कोल्हान प्रमंडल के अध्यक्ष राजा कालिंदी ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि राहरगोड़ा क्षेत्र से गुजरने वाली यह सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने से आम लोगों, स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।
राजा कालिंदी ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़क पर जलजमाव की समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है। यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क होने के बावजूद लंबे समय से उपेक्षित है।
उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए और आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

