जमशेदपुर : रामनवमी पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी क्रम में 26 मार्च 2026 को पुलिस उप-महानिरीक्षक (जगुआर, रांची) इंद्रजीत माहथा और वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी अधीनस्थ पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि जुलूस एवं शोभायात्रा के रूट का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इसके अलावा सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया, जिससे अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), सभी पुलिस उपाधीक्षक और विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद रहे।

