NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल के गायनिक वार्ड में मंगलवार रात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। लेबर रूम के बाहर बने सुरक्षा केबिन में मरीजों के परिजनों की भीड़ जमा होने और वहां सामान रखने को लेकर महिला होमगार्ड जवानों तथा परिजनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लेबर रूम के बाहर स्थित केबिन में महिला और पुरुष परिजन बड़ी संख्या में जमा थे। कुछ लोग केबिन के अंदर बैठकर खाना खा रहे थे, जबकि वहां सामान भी रखा जा रहा था। इससे वार्ड में गंदगी फैलने के साथ ही मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के आवागमन में भी परेशानी हो रही थी।
ड्यूटी पर तैनात महिला होमगार्ड जवानों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिजनों को केबिन खाली करने और वहां से हटने को कहा। इसी बात को लेकर कुछ परिजन जवानों से उलझ गए। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। विवाद बढ़ता देख मौके पर अन्य होमगार्ड जवान भी पहुंच गए।
इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए केबिन में बैठे परिजनों को बाहर निकाला। जवानों की कार्रवाई के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि, विवाद के दौरान कुछ देर तक गायनिक वार्ड में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। घटना ने अस्पताल के संवेदनशील वार्डों में सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने की चुनौती को एक बार फिर सामने ला दिया

