NEWS LAHAR REPORTER
गुरु रामदास साहिब जी के प्रकाश पर्व को समर्पित होगा समागम, स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की बीबियों ने किया पोस्टर विमोचन
जमशेदपुर। सिखों के चतुर्थ गुरु श्री गुरु रामदास साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व को समर्पित महान कीर्तन समागम का आयोजन आगामी 31 अक्टूबर, शनिवार को साकची गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। इस धार्मिक समागम में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई साहिब भाई गुरचरण सिंह विशेष रूप से शामिल होकर अपनी मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुति से संगत को निहाल करेंगे। उनके साथ स्थानीय गुरबाणी कीर्तनकार भी शबद-कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान करेंगे।
समागम को लेकर रविवार को साकची गुरुद्वारा साहिब में पोस्टर विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार एवं प्रधान सरदार निशान सिंह के नेतृत्व में स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की बीबियों ने सदस्यों के साथ मिलकर कीर्तन समागम का पोस्टर जारी किया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक संगत तक इसकी जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।
भाई गुरचरण सिंह समेत कई कीर्तनकार करेंगे गुरबाणी कीर्तन
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची की ओर से स्त्री सत्संग सभा, सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था और नौजवान सभा के सहयोग से इस महान कीर्तन दरबार का आयोजन किया जा रहा है। समागम के दौरान शाम के दीवान में साकची गुरुद्वारा साहिब के हजूरी भाई साहिब भाई नारायण सिंह, भाई साहिब भाई निर्मल सिंह (अमृतसर), भाई साहिब भाई अमृतपाल सिंह मन्नन और जत्थेदार जरनैल सिंह गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे।
वहीं, विशेष रूप से जमशेदपुर पहुंच रहे सचखंड श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई साहिब भाई गुरचरण सिंह अपनी मधुर आवाज में गुरबाणी के शबदों का गायन कर संगत को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करेंगे। आयोजन के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी निरंतर चलता रहेगा।
गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सरदार निशान सिंह ने कहा कि गुरबाणी कीर्तन सिख धर्म की आध्यात्मिक परंपरा का अभिन्न अंग है। कीर्तन के माध्यम से मन को शांति मिलती है और गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने शहर की समस्त साध-संगत से परिवार सहित कीर्तन दरबार में शामिल होने की अपील की।
कमिटी के महासचिव सरदार परमजीत सिंह काले ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य संगत को गुरबाणी से जोड़ना और नई पीढ़ी को सिख धर्म की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि स्त्री सत्संग सभा और सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की बीबियों द्वारा पोस्टर विमोचन में सक्रिय भागीदारी गुरु घर की सेवा के प्रति महिलाओं के समर्पण को दर्शाती है।
उन्होंने संगत से आग्रह किया कि 31 अक्टूबर को साकची गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरबाणी कीर्तन का आनंद लें, गुरु की शिक्षाओं से प्रेरणा प्राप्त करें और गुरु घर की खुशियों के भागीदार बनें।
पोस्टर विमोचन में कई सदस्य रहे उपस्थित
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में प्रधान सरदार निशान सिंह की अध्यक्षता में महासचिव परमजीत सिंह काले, ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू, चेयरमैन रणधीर सिंह, कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, सतिंदर सिंह रोमी, बरयाम सिंह, अजायब सिंह, सुखविंदर सिंह निक्कू, गुरमीत कौर, राजबीर कौर, कमलजीत कौर, रतनजीत कौर, मनजीत कौर, चरण कौर, हरपाल सिंह, मनोहर सिंह मित्ता, नरेंद्र कौर, प्रीतपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, सन्नी सिंह बरियार, अमरपाल सिंह और दलजीत सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
सभी ने महान कीर्तन समागम को सफल बनाने और शहर की अधिक से अधिक संगत को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
