NEWS LAHAR REPORTER
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी बातचीत, मोबाइल पर अश्लील तस्वीरें भेजने का भी आरोप; कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर में शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद टेल्को थाना में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में कथित मुख्य आरोपी के अलावा उसके भाई, माता-पिता और दो अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, एक मार्च 2026 को सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान महाराष्ट्र के एक युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि कुछ समय बाद युवक उसे मोबाइल पर अश्लील तस्वीरें भेजने लगा। युवती के मना करने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में युवक ने उससे शादी करने का वादा किया। शादी का भरोसा देकर उसने युवती को अपने झांसे में लिया और उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। जब युवती ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा। आरोप के मुताबिक, 25 अक्टूबर को युवक ने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद पीड़िता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अदालत के आदेश पर टेल्को थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले में यासिर खान, साकित खान, उनकी मां, यासिर के पिता नासिर खान के अलावा सोमनाथ सोनी और मुजाहिद को आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में सभी आरोपियों का पता महाराष्ट्र के बिंद जिले के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित शिव नगर, हनुमान चौक बताया गया है।
थाना प्रभारी से नहीं मिल सका पक्ष
इस मामले में टेल्को थाना पुलिस का पक्ष जानने के लिए थाना प्रभारी के सरकारी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। फोन उठाने वाले पुलिसकर्मी ने बताया कि उस समय थाना प्रभारी थाने में मौजूद नहीं थे। इस कारण मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष नहीं मिल सका।
