जमशेदपुर : उलीडीह ओपी क्षेत्र के डिमना रोड पर गुरुवार को ठगी से जुड़े एक संदिग्ध मामले ने स्थानीय लोगों को सतर्क कर दिया। भिक्षा मांगते हुए घूम रहे दो बाबाओं की गतिविधियां लोगों को संदिग्ध लगीं, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पूछताछ की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यही दोनों बाबा कुछ दिन पहले सुभाष कॉलोनी की एक महिला से ठगी की घटना में शामिल थे। बताया जा रहा है कि दोनों फिर से इलाके में घूमकर इसी तरह की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। हुलिया पुराने मामले से मेल खाने पर लोगों का शक गहरा गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रोक लिया और तुरंत उलीडीह ओपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस महिला से हुई ठगी के मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

