NEWS LAHAR REPORTER
-बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में पुडियासा गांव के समीप बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में टाटा पावर के एक ठेकेदार के अधीन काम करने वाले कर्मी की मौत हो गई। हादसे की खबर से उनके परिवार में मातम पसर गया। नरसिंह अपने पीछे पत्नी और एक मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय नरसिंह सोरेन बुधवार देर रात करनडीह से अपने गांव तमूरी लौट रहे थे। इसी दौरान पुडियासा गांव के समीप एक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नरसिंह को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नरसिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। वहां उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि नरसिंह सोरेन की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी और उनका एक छोटा बच्चा भी है।

