NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से 9 अगस्त को जमशेदपुर से शुरू हुई निशुल्क कांवर यात्रा सोमवार को सकुशल सुल्तानगंज पहुंच गई। यात्रा में शामिल सभी कांवरियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें सभी स्वस्थ पाए गए।
संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि सुल्तानगंज पहुंचने के बाद कांवरियों के बीच फल और आई कार्ड का वितरण किया गया। सभी कांवरिया दोपहर करीब 3 बजे उत्तरवाहिनी गंगा से कांवर में पवित्र जल भरकर पैदल कांवरिया पथ के रास्ते देवघर के लिए रवाना होंगे।
विकास सिंह ने बताया कि उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर करीब 1000 कांवरिया सामूहिक रूप से अपराध और नशामुक्त जमशेदपुर बनाने का संकल्प लेंगे। इसके साथ ही बाबा बैद्यनाथ से जमशेदपुर में अमन, शांति और सद्भाव कायम रहने की प्रार्थना की जाएगी।
संकल्प लेने के बाद कांवरिया करीब 14 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। इसके बाद सभी कांवरिया असरगंज स्थित धांधी बिलारी धर्मशाला पहुंचेंगे, जहां रात्रि में भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई है।
विकास सिंह ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की कांवर यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में शांति, सद्भाव और नशामुक्ति का संदेश देना भी है।

