Jamshedpur : जमशेदपुर में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन का माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया है। यूनियन के भीतर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। टाटा मोटर्स के पूर्व कर्मचारी एवं समाजसेवी बंटी सिंह ने यूनियन के महामंत्री आरके सिंह के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है।
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो के माध्यम से बंटी सिंह ने आरके सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरके सिंह के कार्यकाल के दौरान मजदूरों की आवाज उठाने वाले कई नेताओं को लगातार प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण कुछ कर्मचारियों को अपनी नौकरी तक गंवानी पड़ी।
बंटी सिंह ने आरोप लगाया कि यूनियन की आड़ में मजदूरों के अधिकारों का दमन किया जा रहा है और असहमति जताने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। इन आरोपों के विरोध में बंटी सिंह अपने समर्थकों के साथ टेल्को थाना पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस घटनाक्रम के बाद टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की आंतरिक राजनीति को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

