News Lahar Reporter:
सरायकेला: जिला समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित राशन दुकानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। विशेष रूप से निलंबन मुक्त एवं रेड श्रेणी के दुकानों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसे अभिलेखों से मिलान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित डीलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र में राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन के लिए जिला स्तरीय टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिन दुकानों में वितरण प्रतिशत कम है, वहां विशेष निरीक्षण कर कारणों का पता लगाया जाए। साथ ही कार्डधारियों से सीधे संवाद कर यह समझने का प्रयास किया जाए कि वे राशन क्यों नहीं उठा रहे हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं की जानकारी दें और अपात्र पाए जाने पर नियमानुसार नाम विलोपन की प्रक्रिया पूरी करें। नमक, चीनी और अन्य आवश्यक वस्तुओं के लंबित वितरण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने सभी वितरण कार्यों में शत-प्रतिशत डीएसडी सुनिश्चित करने और गोदामों में खाद्यान्न के सुरक्षित एवं मानक अनुरूप भंडारण के निर्देश दिए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

