NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : शहरवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जाकिर नगर रोड नंबर-18 स्थित नवनिर्मित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत उद्घाटन जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित कई आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे इलाके के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

