News Lahar Repoter
नई दिल्ली। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले ही महंगाई का झटका लगा है। 1 अक्टूबर 2026 से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर ₹62.50 महंगा होकर ₹2,810 का हो गया है। सितंबर में इसकी कीमत ₹2,747.50 थी।
कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ सकता है। त्योहारी सीजन में कारोबारियों के लिए गैस की बढ़ी लागत से परिचालन खर्च बढ़ने की संभावना है।
पटना में ₹71.50 की बढ़ोतरी हुई है और 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर अब ₹3,100.50 का हो गया है। मुंबई में यह ₹63 महंगा होकर ₹2,764 और चेन्नई में ₹66.50 बढ़कर ₹2,983 हो गया है।
घरेलू सिलेंडर के दाम में बदलाव नहीं
राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹942, मुंबई में ₹941.50 और पटना में ₹1,031.50 पर बना हुआ है।
यानी अक्टूबर की शुरुआत में महंगाई का सीधा असर कमर्शियल LPG इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों पर पड़ा है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलो वाले सिलेंडर का रेट फिलहाल स्थिर है।

