जमशेदपुर: जमशेदपुर स्थित जेपी स्कूल के प्रांगण में आगामी 6 और 7 जनवरी 2026 को नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर जय प्रकाश स्कूल ट्रस्ट की ओर से 151 कुमारी कन्याओं के बीच साड़ी वितरण किया गया।
महायज्ञ की शुरुआत 6 जनवरी को भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इस वर्ष कलश यात्रा में लगभग 2100 श्रद्धालु कलश लेकर शामिल होंगे। कलश यात्रा जेपी स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर मानगो स्थित स्वर्णरेखा नदी पहुंचेगी, जहां विधिवत संकल्प के साथ जल भरा जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु पुनः जेपी स्कूल प्रांगण लौटेंगे, जहां कलश की पूजा एवं आरती की जाएगी। संध्या समय सामूहिक आरती का आयोजन होगा।
7 जनवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ विधिवत प्रारंभ होगा, जो दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। इस महायज्ञ को भव्य रूप देने के लिए हरिद्वार से आए परोहितों के साथ शक्ति पीठ गोल पहाड़ी की टोली विशेष रूप से भाग लेगी।
दोपहर 1:30 बजे से महाभोग का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से विद्यालय का 38वां स्थापना दिवस सह सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। संध्या 5 बजे से दीप महायज्ञ के साथ यज्ञ का विधिवत समापन किया जाएगा।

