जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र की भाजपा सरकार पर ग्रामीण विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विद्वेष की राजनीति के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर कर रही है और उसके स्थान पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम – VB-ग्राम जी एक्ट थोप रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा गरीबों का कानूनी काम का अधिकार था, जिसे भाजपा सरकार छीन रही है। नया कानून ग्रामीण मजदूरों, खासकर दलितों, आदिवासियों और महिलाओं के लिए गंभीर संकट खड़ा करेगा।
उन्होंने विस्तार से बताया कि नए VB-ग्राम जी एक्ट से कैसे ग्रामीणों के अधिकार प्रभावित होंगे—काम के दिनों में कटौती, मांग आधारित रोजगार की समाप्ति, पंचायत स्तर पर काम की सीमित उपलब्धता, मजदूरी भुगतान में देरी, बायोमेट्रिक बाधाएं, ठेकेदारों की वापसी और कॉर्पोरेट हितों को प्राथमिकता। इससे पलायन बढ़ेगा, बंधुआ मजदूरी का खतरा बढ़ेगा और बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित होगी।
केशव महतो कमलेश ने दो टूक कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्पष्ट मांग है—
“मनरेगा बहाल करो, VB-ग्राम जी एक्ट निरस्त करो”।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ग्रामीण भारत के लिए काम का अधिकार, उचित मजदूरी और स्थानीय स्वशासन की बहाली के लिए संघर्ष जारी रखेगी
कांग्रेस स्थापना दिवस का आह्वान
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 28 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड भर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी पदाधिकारी, प्रखंड, मंडल, पंचायत अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को अपने-अपने घरों पर कांग्रेस का झंडा फहराने का निर्देश दिया गया है। झंडा फहराते हुए फोटो सोशल मीडिया सहित पार्टी कार्यालयों को भेजना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए झंडा और पर्चा जिला कांग्रेस कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, वरिष्ठ नेता रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, अजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र झा, आनंद बिहारी दुबे, खगेनचंद्र चंद्र महतो, अवधेश सिंह, एल.बी. सिंह, बृजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, सामंत कुमार, रजनीश सिंह, फजल खान, सफी अहमद खान, आशुतोष सिंह शाहिद सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

