News Lahar Reporter
जमशेदपुर: इंटक के स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड यूथ इंटक के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और यूनियन पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण कर संगठन की परंपरा को आगे बढ़ाया। इस मौके पर भालूबासा स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मजदूर हितों को लेकर संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
सभा को संबोधित करते हुए झारखंड यूथ इंटक के अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि 3 मई 1947 को सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में इंटक की स्थापना हुई थी। तब से लेकर आज तक संगठन लगातार मजदूरों के हक, अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करता आ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगे भी इंटक, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी. संजीवा रेड्डी के नेतृत्व में मजदूरों के हित में काम करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश और समाज के निर्माण में श्रमिकों की अहम भूमिका है और मजदूर ही भारत की असली ताकत हैं।
इस दौरान युवा नेता अवतार सिंह और रवि शंकर सिंह को अतिथियों ने माला पहनाकर झारखंड यूथ इंटक से जोड़ा।
कार्यक्रम में झारखंड इंटक के कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, टिमकेन वर्कर्स यूनियन के महासचिव विजय यादव, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रिंस सिंह, इंटक के सचिव एवं कोल्हान संगठन प्रभारी राणा सिंह, सरायकेला-खरसावां के जिला अध्यक्ष के.पी. तिवारी, यूथ इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष पांडे, महासचिव रघुचंदन प्रधान, सचिव जितेंद्र सिंह, जयदीप कालिंदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और मजदूर उपस्थित रहे।

