जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कांग्रेस कार्यालय में चरखा छाप ध्वज फहराया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम, ध्वज गीत और राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के सामूहिक गायन से हुई। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के नेता शाहनवाज खान भी मौजूद रहे। उन्होंने भी सभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि 28 दिसंबर 1885 को स्थापित कांग्रेस पार्टी स्वतंत्रता, एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की सशक्त प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आज़ादी की लड़ाई में ऐतिहासिक भूमिका निभाने के साथ-साथ विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में पिरोया। त्याग, संघर्ष और दूरदृष्टि की यह विरासत आज भी न्यायपूर्ण और समावेशी भारत के निर्माण की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कांग्रेस की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता संग्राम, असहयोग आंदोलन, दांडी मार्च, भारत छोड़ो आंदोलन और पूर्ण स्वराज की घोषणा जैसे महत्वपूर्ण पड़ावों को याद किया। साथ ही स्वतंत्रता के बाद संविधान निर्माण, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थापना और आधुनिक भारत की नींव रखने में कांग्रेस के योगदान को रेखांकित किया।
स्थापना दिवस समारोह में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त ज्योति सिंह मथारू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके करकमलों से वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सरदार महेंद्र सिंह, रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, रियाजुद्दीन खान, रविंद्र कुमार झा और एलबी सिंह को उत्कृष्ट सेवा सम्मान के तहत मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कई युवा कांग्रेस नेताओं को गांधी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन और प्रबंधन संजय सिंह आजाद तथा ब्रजेन्द्र तिवारी ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा कांग्रेस नेता, महिला कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। यह आयोजन झारखंड में कांग्रेस की सांगठनिक मजबूती और वैचारिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

