NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। सुंदरनगर थाना से महज कुछ दूरी पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुट्टी लदा एक मालवाहक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित फल दुकान में जा घुसा और इसके बाद पेड़ से टकराकर रुक गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखे फल और ठेला क्षतिग्रस्त हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या JH05 AD 8511 पर पुट्टी लदी हुई थी। शुक्रवार देर रात ट्रक गुजरने के दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित फल दुकान में जा घुसा और पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के समय दुकान के आसपास किसी व्यक्ति के इसकी चपेट में आने की सूचना नहीं है। हादसे में फल दुकान में रखे फल और ठेला क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे दुकानदार को नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर वाहन से नियंत्रण हटने की बात सामने आई है।

