रांची : झारखंड के मौसम में पिछले 24 घंटों के दौरान मिला-जुला असर देखने को मिला है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में दिन के समय आंशिक बादल छाए रहे, हालांकि कुल मिलाकर मौसम शुष्क बना रहा। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का अहसास बना हुआ है।
आज राज्य में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की ठंड में थोड़ी कमी आएगी।
इन जिलों में दर्ज हुआ अधिकतम तापमान
सोमवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मेदिनीनगर में 33.6 डिग्री और जमशेदपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अन्य जिलों के मुकाबले कम रहा।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां 11.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। खूंटी, लोहरदगा और रांची में न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री के बीच रहा। जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और खूंटी में 15 डिग्री दर्ज किया गया, जो आने वाले दिनों में बढ़कर 17 से 21 डिग्री तक पहुंच सकता है।
27-28 मार्च को बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है। 27 मार्च के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है और लोगों को एक बार फिर हल्की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

