NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई और खरीद-फरोख्त करने वाले एक संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक को 3 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध हथियार सप्लाई से जुड़े जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और हथियार खरीदने वाला मो. रेहान हुसैन (19) के बीच हथियार की डिलीवरी होने वाली है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जुगसलाई स्थित गरीब नवाज कॉलोनी के रेलवे पुल के नीचे पिलर के पास छापेमारी की और दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद की। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पूछताछ में जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने खुलासा किया कि अवैध हथियार आपूर्तिकर्ता एक देसी पिस्टल 40 हजार से 60 हजार रुपये तक में उपलब्ध कराते हैं। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह हथियार सप्लायर और खरीदारों के बीच संपर्क सूत्र के रूप में काम करता था।
पुलिस के अनुसार यह मामला संगठित हथियार आपूर्ति और खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

