NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर 15 स्थित ब्रह्म पथ के पास लड़की से मोबाइल छिनतई के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना सोमवार दोपहर करीब 2:35 बजे की है। पुलिस ने आरोपी के पास से छिनतई किया गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल बाइक और घटना के समय पहनी गई शर्ट बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार युवक लड़की का मोबाइल छीनकर फरार हो गया था। मामले में मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की।
फॉरेस्ट इलाके में छापेमारी कर गिरफ्तारी
वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एएसपी ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम को मिली सूचना के आधार पर जवाहर नगर रोड नंबर 14 स्थित फॉरेस्ट इलाके में छापेमारी की गई, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कलामुद्दिन उर्फ कलाम (26) के रूप में हुई है। वह सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के गौस नगर, बेल चौक का रहने वाला है।
मोबाइल, बाइक और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर रोज गोल्ड रंग का रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन, हल्के क्रीम रंग की फुल शर्ट और काले रंग की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यही सामान घटना से संबंधित है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवक के खिलाफ पहले से साकची और आजादनगर थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 का साकची थाना कांड और वर्ष 2025 में आजादनगर थाना क्षेत्र में दर्ज दो मामले शामिल हैं।
छापेमारी टीम में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना प्रभारी निरीक्षक बिरेन्द्र कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
