News Lahar Repoter
जमशेदपुर। शहर में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में जमशेदपुर पुलिस ने देर रात विशेष रात्रि गश्ती और निगरानी अभियान चलाया।
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पुलिस टीमों ने शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाई। वहीं, एसएसपी के खुद रात में शहर में निकलकर पुलिस की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस की ओर से मुख्य सड़कों के साथ-साथ गलियों और मोहल्लों में भी निगरानी बढ़ाई गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिसकर्मियों को रात्रि ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हाल में शहर में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद पुलिस पर अपराध नियंत्रण को लेकर दबाव बढ़ा है। बिंदल मॉल स्थित रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जांच कर रही है।
पुलिस की बढ़ी सक्रियता से साफ है कि शहर में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर रात्रि निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

