NEWS LAHAR REPORTER
पूजा समितियों को सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जमशेदपुर। आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त (डीसी) और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों की ओर से की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोजन से जुड़ी अन्य तैयारियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पंडाल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष जोर
डीसी और एसएसपी ने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा। पंडालों में भीड़ प्रबंधन, आवागमन की व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
प्रशासन की ओर से यह भी जोर दिया गया कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पूजा समितियां आपसी समन्वय के साथ काम करें और आवश्यक निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन सतर्क
दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके मद्देनजर अधिकारियों ने पूजा समितियों से सहयोग की अपील की, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मां दुर्गा के दर्शन कर सकें।
