NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: सीसीए के तहत जिला तड़ीपार किए जाने के बावजूद शहर में आवाजाही करना राजकुमार सिंह उर्फ दाना को भारी पड़ गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे सीतारामडेरा ब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दाना काशीडीह इलाके में कुछ साथियों के साथ मौजूद था और किसी आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटा था।
शुक्रवार रात पुलिस को इसकी सूचना मिली। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीतारामडेरा ब्रिज के आसपास घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही इलाके में हलचल मच गई और टीम ने दाना को पकड़ लिया।
तड़ीपार के बाद भी चोरी-छिपे आता था शहर
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दाना ने बताया कि जिला तड़ीपार किए जाने के बाद भी वह चोरी-छिपे जमशेदपुर आता-जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तड़ीपार की अवधि में वह किन लोगों के संपर्क में था और शहर में उसकी गतिविधियां क्या थीं।
आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज
राजकुमार सिंह उर्फ दाना सोनारी के निर्मल नगर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके साथियों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

