NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम और घाटशिला, सिविल सर्जन, नगर आयुक्त जेएनएसी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अपर उपायुक्त, अपर नगर आयुक्त मानगो नगर निगम, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक समेत अन्य वरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में पूजा आयोजन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का विभिन्न पूजा पंडालों एवं प्रमुख स्थलों पर आवागमन होता है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, विसर्जन घाटों की तैयारी, पहुंच पथ मरम्मत तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, आपातकालीन मार्ग तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रमुख पूजा पंडालों, मुख्य सड़कों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। पार्किंग स्थलों का समुचित निर्धारण, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तथा आवश्यकता के अनुरूप यातायात डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के परिचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। नगर निकायों को पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। भीड़ वाले क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने तथा पूजा अवधि के दौरान नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
विद्युत विभाग एवं संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों को पूजा पंडालों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, खुले एवं असुरक्षित तारों की जांच तथा किसी भी संभावित जोखिम को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।
बैठक में अग्निशमन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख पूजा स्थलों पर आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को तैयार रखने पर बल दिया गया। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य सेवाओं को भी आवश्यकतानुसार अलर्ट मोड में रखने तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा प्रशासन एवं पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार से रूट का विचलन नहीं हो, विसर्जन घाटों में वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति रहे ताकि पुलिस-प्रशासन को आवश्यक सहयोग मिल सके। नगर निकाय के पदाधिकारियों एवं जुस्को प्रबंधन को भी विसर्जन घाटों में सभी तैयारी ससमय पूर्ण करने का निदेश दिया गया। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा पूजा अवधि के दौरान आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

