NEWS LAHAR REPORTER
डीवीसी मोड़ के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, एक्सपायर्ड चॉकलेट-ब्रेड भी मिली; सात दिनों में कमियां दूर करने और दस्तावेज जमा करने का निर्देश
आदित्यपुर। त्योहारों के मौसम में आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार (FSO सरायकेला-1) ने आदित्यपुर के डीवीसी मोड़ स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दूषित, एक्सपायर्ड और संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।
निरीक्षण के दौरान Kolkata Empire Restaurant, Chai Chai Cafe and Fooding तथा The 90s Era Restaurant की जांच की गई। अधिकारियों को कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां मिलीं। इसके अलावा पेयजल की गुणवत्ता जांच से संबंधित वाटर टेस्ट रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
चाय-चाय कैफे में मिली दूषित खाद्य सामग्री
निरीक्षण के दौरान Chai Chai Cafe and Fooding में खाद्य सुरक्षा से संबंधित कई अनियमितताएं सामने आईं। यहां करीब 2 किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी पनीर, Luvalt Dark Chocolate के दो एक्सपायर्ड पैकेट, एक्सपायर्ड ब्रेड के पांच पैकेट और लगभग 5 किलोग्राम फफूंद लगी फूलगोभी बरामद हुई।
जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी दूषित एवं अनुपयोगी खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान संचालक से भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं दोहराने का स्व-घोषणा पत्र भी लिया गया।
सात दिनों की मोहलत, दोबारा होगा निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने तीनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को सात दिनों के भीतर साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने तथा जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सभी प्रतिष्ठानों को सुरक्षित खाद्य भंडारण, नियमित सैनिटाइजेशन, शुद्ध पेयजल, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप है। वहीं, आम लोगों के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर विभाग की निगरानी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

