NEWS LAHAR REPORTER
पूर्व सांसद गीता कोड़ा के नेतृत्व में निकला आक्रोश मार्च, आरोपी सिपाही पर कठोर कार्रवाई की मांग; थाना परिसर में बढ़ाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज हो गई है। रविवार को जिले के एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ जांच की समीक्षा की। वहीं, मामले के विरोध में पूर्व सांसद गीता कोड़ा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकालकर थाना का घेराव किया और आरोपी सिपाही के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने थाना परिसर का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी ने बताया कि फिलहाल परिसर के कुछ हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्राथमिकी दर्ज करने में देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई सुनिश्चित की है।
इधर, घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हरे कृष्णा प्रधान के नेतृत्व में आक्रोश मार्च निकाला और गम्हरिया थाना का घेराव किया। प्रदर्शन में पूर्व सांसद गीता कोड़ा, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष मंगल महतो समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी सिपाही के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
पूर्व सांसद गीता कोड़ा समेत भाजपा नेताओं ने कहा कि पुलिस थाना आम जनता की सुरक्षा और न्याय का केंद्र होता है। ऐसे स्थान पर महिला के साथ इस तरह के गंभीर आरोप सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय मिलने तक भाजपा इस मुद्दे को उठाती रहेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसपी के निरीक्षण और थाना परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा के बाद अब जांच के निष्कर्ष और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।

