NEWS LAHAR REPORTER
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने आदित्यपुर और गम्हरिया के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, ASDD सूची में शामिल नागरिकों, नए मतदाताओं और छूटे हुए पात्र लोगों को पंजीकरण का अवसर
सरायकेला। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत बुधवार, 18 नवंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने, पुनरीक्षण से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को पूरा करने तथा मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को सुधारने का अवसर दिया गया।
इस क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने 51-सरायकेला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में चल रही गतिविधियों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया।
इसके अलावा संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं Additional AERO ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर शिविरों की व्यवस्था और कार्यों का जायजा लिया।
ASDD सूची में शामिल लोगों को विशेष प्राथमिकता
शिविर में विशेष रूप से वैसे पात्र भारतीय नागरिकों को अवसर दिया गया, जिनका नाम किसी कारणवश ASDD सूची में दर्ज हो गया है। इसके अलावा ऐसे नागरिकों को भी मौका उपलब्ध कराया गया, जिन्हें दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद सुनवाई में उपस्थित होने का अवसर नहीं मिल पाया था। वहीं, 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में पंजीकरण नहीं कराने वाले युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया गया।
फॉर्म-6, 7 और 8 की दी गई जानकारी
शिविरों में मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में सुधार एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के लिए फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की जानकारी दी गई। संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने नागरिकों को आवेदन भरने, आवश्यक दस्तावेजों और पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
चुनावी पाठशाला के माध्यम से किया जागरूक
अभियान के तहत विभिन्न मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला का भी आयोजन किया गया। इसमें मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की पात्रता, आवश्यक प्रपत्रों और निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेष रूप से नए एवं युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया गया।
BLA-2 से भी सहयोग की अपील
इस दौरान सभी बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) से अपील की गई कि वे अपने मतदान केंद्र क्षेत्र में रहने वाले ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है। ऐसे नागरिकों की सूची संबंधित BLO को उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन की मतदाताओं से अपील
जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करने की अपील की है। जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं। वहीं, नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन करें।
प्रशासन ने विशेष रूप से ASDD सूची में शामिल पात्र नागरिकों, दूसरी बार नोटिस मिलने के बावजूद सुनवाई में उपस्थित नहीं हो पाने वाले लोगों तथा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अपंजीकृत युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और संबंधित BLO से संपर्क करने की अपील की है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं BLO को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों का निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।

