NEWS LAHAR REPORTER
गिरिडीह : जिले में एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या का मामला सोमवार को प्रकाश में आया है। मृतक ससुर और बहू हैं। दोनों की हत्या उनके घर में घुसकर की गई। घटना पचम्बा थाना इलाके के खावा की है। मृतकों में खावा निवासी शुकर मंडल (55) एवं शुकर की बहू शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) शामिल हैं। घटना मृतकों के घर के सामने ही अंजाम दी गई है। घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है।
घटना के बाद से एक व्यक्ति का नाम चर्चा में है। घरवालों का कहना है मध्य रात्रि के बाद एक व्यक्ति उसके घर के अंदर दाखिल हुआ। उसके बाद उसने ही पूरी घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों का कहना कि देर रात एक व्यक्ति शुकर मंडल के घर में घुसा और किसी बात को लेकर झगड़ा शुरु हो गया। उसके बाद वे लोग झगड़ते हुए घर के बाहर आ गए। इसी बीच व्यक्ति ने शुकर मंडल पर टांगी से हमला कर दिया।
झगड़ा होता देख बहू भी बीच में आ गई और अपने ससुर को बचाने की कोशिश करने लगी। मगर उस व्यक्ति ने पहले शुकर मंडल पर टांगी से हमला कर उनको मार डाला, बाद में बहू की भी हत्या कर दी। अभी यहां पुराने विवाद की ही चर्चा हो रही है।
इधर मामले की जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार को मिली। उन्होंने डीएसपी आरके राणा को तुरंत एक्शन लेने को कहा। डीएसपी ने थाना प्रभारी राजीव कुमार को आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
थाना प्रभारी ने पचंबा पुलिस स्टेशन से सब-इंस्पेक्टर सोनू कुमार वर्मा और उनकी टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने उस जगह की घेराबंदी भी कर दी। हालांकि स्थानीय आक्रोशित लोगों ने यहां पहुंचे पुलिस पदाधिकारी को शव कब्जे में लेने नहीं दिया।
ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक वरीय अधिकारी नहीं आएंगे तब तक आगे की बात नहीं होगी।
डीएसपी आरके राणा ने बताया कि
पचम्बा थाना इलाके के खावा में एक अधेड़ व्यक्ति और उसकी बहू की हत्या की गई है। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

