NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह में रविवार शाम 45 वर्षीय निमाईचंद दत्तो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर के अंदर पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
मृतक की पत्नी दुर्गा रानी दत्तो ने बताया कि उनके पति सुरेश अग्रवाल क्लॉथ स्टोर में काम करते थे। रविवार रात गौरव अग्रवाल ने फोन कर उन्हें निमाईचंद के फांसी लगाने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन घर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
दुर्गा रानी ने आरोप लगाया कि उनके पति की दुकान के मालिक शंभु अग्रवाल और गौरव अग्रवाल के पास करीब डेढ़ लाख रुपये बकाया थे। बकाया राशि के भुगतान को लेकर 20 नवंबर को दोनों ने उनके पति के साथ गाली-गलौज की थी। पत्नी ने रुपये के विवाद को पति की मौत से जोड़ते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी निमाईचंद खूंटाडीह स्थित मकान के निचले हिस्से में रहते थे, जबकि मकान के ऊपरी हिस्से में कपड़े का गोदाम था।
पुलिस परिजनों के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

