Jamshedpur (Jharkhand ) : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के उत्तरी सरजमदा पंचायत स्थित सरजमदा गुरुद्वारा के पास सरकारी जमीन पर बन रहे सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य उस समय रुक गया, जब स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताते हुए काम बंद करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बिना ग्राम सभा की अनुमति और जानकारी के निर्माण कराया जा रहा था, जो पंचायत व्यवस्था के नियमों के खिलाफ है।
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान का आरोप है कि विधायक निधि से प्रस्तावित इस भवन के निर्माण से पहले न तो ग्राम सभा बुलाई गई और न ही पंचायत या गांव के लोगों को इसकी कोई सूचना दी गई। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने सामूहिक रूप से निर्माण कार्य पर रोक लगा दी।
स्थानीय ग्रामीण सुरेंद्र महतो ने बताया कि जिस स्थान पर भवन बनाया जा रहा है, वह गांव का मुख्य आवागमन मार्ग है। उनका आरोप है कि कुछ लोग इस रास्ते को बंद करने की मंशा से यहां भवन निर्माण करवा रहे हैं, जिससे भविष्य में ग्रामीणों को परेशानी हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक, यह सरकारी भूमि प्लॉट नंबर 1201 और 1205 तथा खाता नंबर 479 में दर्ज है। इस जमीन को प्रजापति समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु विधायक मंगल कालिंदी की अनुशंसा पर जमशेदपुर अंचल प्रशासन द्वारा आवंटित किया गया है। प्रशासन की ओर से जमीन पर सरकारी बोर्ड भी लगाया गया है।
सूत्र बताते हैं कि पहले इस जमीन पर भू-माफियाओं की नजर थी। अतिक्रमण से बचाने के उद्देश्य से प्रशासन ने इसे सामुदायिक उपयोग के लिए आवंटित किया था। फिलहाल निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है और अब आगामी ग्राम सभा में ग्रामीणों की सहमति के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
—

