सरायकेला : जिले में गृह रक्षक नव नामांकन प्रक्रिया के तहत इचागढ़ प्रखंड के अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। यह परीक्षा 23 और 24 मार्च 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित हुई, जिसमें महिला और पुरुष अभ्यर्थियों ने अलग-अलग दिनों में भाग लिया।
जानकारी के अनुसार, इचागढ़ प्रखंड से कुल 1535 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें 492 महिलाएं और 1043 पुरुष शामिल थे। 23 मार्च को आयोजित परीक्षा में 316 महिला अभ्यर्थी उपस्थित रहीं, जबकि 24 मार्च को 645 पुरुष अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत हुई दौड़ में 253 महिला और 87 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया जैसे ऊँची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट और हिंदी लेखन परीक्षा से गुजरना पड़ा।
प्रशासन द्वारा बताया गया है कि सभी चरणों में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर औपबंधिक अंक पत्र तैयार कर लिया गया है। इसे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है।
हालांकि, यह अंक पत्र केवल सूचना के उद्देश्य से जारी किया जा रहा है और इसे अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाएगा। अंतिम चयन सूची परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी प्रखंडों और श्रेणियों के लिए एक साथ जारी की जाएगी।

