News Lahar Reporter:
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित सालडीह बस्ती में शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 20 से 25 की संख्या में हथियारबंद अपराधी बस्ती में घुस आए और तांडव मचाने लगे। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने खुलेआम चापड़ और फरसे से हमला किया और पिस्तौल से फायरिंग की कोशिश भी की।
घटना के दौरान बस्ती के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए एकजुट होकर अपराधियों का मुकाबला किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। स्थानीय लोगों के प्रतिरोध को देखते हुए सभी अपराधी मौके से भाग निकले। पूरी घटना बस्ती में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, हमले में इलाके के कई कुख्यात अपराधियों के नाम सामने आए हैं। इनमें आलोक, छोटू महतो, गोविंदा, प्रेम बच्चा, चंदन बच्चा, सुदेश लंबू, सागर महतो, पवन महतो, राजू कुमार, रवि नायक और शुभम महंती समेत करीब दो दर्जन युवक शामिल बताए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि ये अपराधी अक्सर नशे की हालत में बस्ती में आकर रंगदारी मांगते हैं और दहशत फैलाते हैं।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

