NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से चेन छिनतई की घटना सामने आई है। भाटिया बस्ती स्थित नायक होटल के पास बाइक सवार दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे। महिला को पहले लगा कि दोनों किसी जानकारी के लिए रुके हैं या परिचित होंगे। इसी बीच बाइक से उतरे एक बदमाश ने अचानक महिला के गले से चेन झपट ली और साथी के साथ बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि बदमाशों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। आए दिन रंगदारी, लूट और चेन छिनतई जैसी घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

