Jamshedpur : जमशेदपुर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है। ताजा मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बिस्टुपुर मार्केट एरिया का है, जहां चोरों ने एक फल दुकान को निशाना बनाया।
अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर ₹20 हजार नकद और करीब ₹30 हजार का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब दुकानदार सफीउल्लाह अंसारी दुकान खोलने पहुंचे। दुकानदार के अनुसार, वह शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर गए थे, उस समय सब कुछ सामान्य था। सुबह पहुंचने पर ताला टूटा मिला और दुकान से नकदी व सामान गायब था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रात के समय कुछ युवकों द्वारा अड्डेबाजी की जाती है। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं असामाजिक तत्वों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया होगा। घटना की सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में दहशत का माहौल है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

