NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 452 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि स्वासपुर गांव के पास पुराना राखा माइंस की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर घूम-घूमकर गांजा की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना में सनहा दर्ज किया गया और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने स्वासपुर गांव के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी नागेन भकत (45), निवासी स्वासपुर, के पास मौजूद काले प्लास्टिक बैग से लगभग 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन, काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH05DK-6337) और गांजा रखने वाला प्लास्टिक बैग भी जब्त किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक करता था।

