News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट सब्जी मार्केट में शनिवार देर शाम हुई कथित हवाई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों के साथ-साथ खरीदारी करने पहुंचे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे एक लाख रुपये की कथित रंगदारी की मांग को लेकर विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक रंगदारी के एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवक बाजार पहुंचे और दुकानदारों से विवाद करने लगे। इसी दौरान लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और दुकानदारों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद बाजार में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

