NEWS LAHAR REPORTER
Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला पोस्ट ऑफिस रोड में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय रघुवीर सिंह उर्फ काका की खुले कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, रघुवीर सिंह शनिवार रात घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में थे। इसी दौरान खुले कुएं के पास उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में गिर गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कुआं गहरा होने और किसी को तैरना नहीं आने के कारण तत्काल उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका।
इसके बाद स्थानीय निवासी हीरा सिंह ने साहस का परिचय देते हुए अन्य लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और रस्सी की सहायता से रघुवीर सिंह को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जाता है कि रघुवीर सिंह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बरनपुर के रहने वाले थे। उनके माता-पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। लंबे समय से बीमार रहने के कारण उनकी मौसी उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर लेकर आई थीं। पिछले करीब ढाई वर्षों से वह मानगो स्थित श्री राम राशन दुकान में काम कर अपना जीवनयापन कर रहे थे। शनिवार को दुकान बंद होने के कारण वह घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने भी खुले कुएं को सुरक्षित ढंग से ढकने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

