जमशेदपुर : झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी और वर्तमान में रेल राज्य मंत्री के प्राइवेट सेक्रेटरी डॉ. शांतनु अग्रहरि का फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठग इस फर्जी आईडी के माध्यम से लोगों को ठगने की कोशिश कर सकते हैं। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
डॉ. शांतनु अग्रहरि 2012 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वे झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा और पलामू जिले के उपायुक्त (डीसी) रह चुके हैं। इसके अलावा वे झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग में ओएसडी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और खाद्य आपूर्ति विभाग में भी पदस्थापित रहे हैं।
इससे पहले वर्ष 2021 में उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री का प्राइवेट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया था। वर्तमान में वे रेल राज्य मंत्री के साथ प्राइवेट सेक्रेटरी के रूप में कार्यरत हैं।
पश्चिमी सिंहभूम में उपायुक्त रहते हुए डॉ. शांतनु अग्रहरि ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया था। उन्होंने जिले में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया और आम नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उनके कार्यकाल में “ग्रीन चाईबासा, क्लीन चाईबासा” अभियान की शुरुआत हुई, जिसे लोगों का अच्छा समर्थन मिला।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइल से सतर्क रहें और किसी भी तरह की जानकारी या लेन-देन से बचें।

