News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलपहाड़ी नया बस्ती में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, राजा प्रसाद नामक युवक पिछले तीन दिनों से नशे की हालत में घर में लगातार विवाद कर रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे उसने अपनी मां पुतुल देवी, पत्नी और तीन बच्चों के साथ मारपीट की और सभी को घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उसने घर के कमरे में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
आग लगते ही घनी आबादी वाले इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने-अपने घरों से गैस सिलेंडर बाहर निकालना शुरू किया। वहीं इलाके के युवाओं ने पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश की और समय रहते आरोपी के घर में रखा सिलेंडर भी बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक घर का सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आरोपी युवक, जो पेशे से चालक बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

