NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर पुलिस महकमे में सख्ती बढ़ गई है। कर्तव्य के प्रति लापरवाही और पुलिसिंग में शिथिलता के आरोप में एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन के बाद आनंद मिश्रा को पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है। एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के लिए स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि ड्यूटी में लापरवाही या पुलिसिंग में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर में लगातार अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जा रही है। थाना स्तर पर गश्त, अपराधियों पर कार्रवाई और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली की भी निगरानी की जा रही है।
सीतारामडेरा थाना प्रभारी के निलंबन से पुलिस महकमे में यह संदेश गया है कि जिम्मेदारी में लापरवाही पाए जाने पर वरीय अधिकारी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे। एसएसपी की कार्रवाई के बाद अब थाना स्तर पर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने की उम्मीद की जा रही है।
