NEWS LAHAR REPORTER
सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस का संयुक्त विशेष अभियान, कंपनियों व पेट्रोल पंप संचालकों को भी दी गई सख्त चेतावनी
सरायकेला-खरसावां। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कुल 1 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी शांकचार्य सामड़, मोटरयान निरीक्षक, सरायकेला-खरसावां तथा यातायात पुलिस निरीक्षक ने संयुक्त रूप से किया। टीम ने जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की जांच की। जिन वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और सड़क पर आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी, उनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
सड़क पर पार्किंग से दुर्घटना का खतरा
अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने वाहन चालकों को माइकिंग के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क किनारे अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करें। अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होता है और इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कंपनियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न कंपनियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर भी संबंधित प्रबंधन को चेतावनी दी गई। माइकिंग के माध्यम से कंपनी प्रबंधन और प्रबंधकों को निर्देश दिया गया कि प्रतिष्ठान में आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर या निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने साफ कहा कि कंपनियों के बाहर मुख्य सड़क अथवा सार्वजनिक मार्ग पर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पाए जाने पर संबंधित वाहन के साथ-साथ जिम्मेदार पक्ष के खिलाफ भी नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल पंप संचालकों को भी निर्देश
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों के प्रबंधकों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कहा कि पेट्रोल पंप के बाहर सड़क पर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग नहीं होने दी जाए। पेट्रोल पंप संचालकों से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। सड़क पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अधिकारियों ने वाहन चालकों, कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और पेट्रोल पंप संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संबंधित जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
