NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : टाटा स्टील में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कंपनी के एमडी एवं सीईओ टीवी नरेंद्रन के निर्देश पर कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। इस बदलाव में सिक्योरिटी, इंटेलिजेंस, एविएशन, प्रोजेक्ट और फेरो एलॉय जैसे अहम विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सबसे अहम बदलाव के तहत अरविंद सिन्हा को रांची का नया चीफ रेजिडेंट एग्जीक्यूटिव (सीआरई) नियुक्त किया गया है। फिलहाल वे जमशेदपुर प्लांट और रॉ मैटेरियल डिवीजन में चीफ सिक्योरिटी के पद पर कार्यरत हैं। मौजूदा सीआरई संजय मोहन श्रीवास्तव 1 जुलाई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में अरविंद सिन्हा 1 जून से नई जिम्मेदारी संभालेंगे और जुलाई से पूरी तरह पदभार उनके पास होगा।
वहीं, जीतेंद्र सिंह शेखावत को जमशेदपुर और रॉ मैटेरियल डिवीजन का नया चीफ सिक्योरिटी बनाया गया है। अभी तक वे चीफ इंटेलिजेंस के पद पर कार्यरत थे। उनकी जगह राजेश भट्टाचार्य को झारखंड और पश्चिम बंगाल के हेड इंटेलिजेंस के साथ-साथ चीफ इंटेलिजेंस की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
कंपनी के एविएशन विभाग में भी बदलाव किया गया है। हेड एविएशन ऑपरेशन रविकांत श्रीवास्तव 1 अक्टूबर को रिटायर होने वाले हैं। उनकी जगह मेरामंडली कॉर्पोरेट सर्विसेज में सीनियर एरिया मैनेजर एडमिनिस्ट्रेशन के पद पर कार्यरत सौरभ झा को नया हेड एविएशन ऑपरेशन नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति 1 जून से प्रभावी होगी।
इसके अलावा, जोड़ा स्पंज आयरन के चीफ विभुदत्ता मोहंती को फेरो एलॉय प्लांट का चीफ ऑपरेशंस बनाया गया है। वे भुवनेश्वर से कार्यभार संभालेंगे। वर्तमान चीफ बीडी नंदा 1 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं, जिसके बाद विभुदत्ता मोहंती पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे।
टाटा स्टील कलिंगानगर और एनआईएनएल प्रोजेक्ट से जुड़े जीएम हरबिंदर सिंह दीपक को ओडिशा और महाराष्ट्र के प्रोजेक्ट एवं कंस्ट्रक्शन विभाग का जीएम बनाया गया है। वहीं, नीरज रंजन कुमार को चीफ पी एंड सी एनआईएनएल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी के इस बड़े फेरबदल को आगामी प्रोजेक्ट्स और प्रशासनिक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है।

