सरायकेला: गम्हरिया अंचल क्षेत्र के शिवनारायणपुर में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया। यह कार्रवाई करीब ढाई घंटे तक चली, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे। इस दौरान अंचल निरीक्षक, संबंधित पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
कार्रवाई के दौरान मौके पर रह रहे लोगों को नोटिस देकर जल्द से जल्द सरकारी भूमि खाली करने की चेतावनी दी गई। अंचल अधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि गम्हरिया अंचल क्षेत्र में किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नीलकमल चौधरी उर्फ घोनू चौधरी और रजनी तिवारी द्वारा लाखों रुपये लेकर सरकारी जमीन बेचने का दावा किया गया था।
इस पर अंचल अधिकारी ने बताया कि दोनों के नाम सामने आ चुके हैं और इनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा, साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि वे सरकारी जमीन खरीदने से बचें और भूमाफियाओं के खिलाफ प्रशासन को जानकारी दें।

