NEWS LAHAR REPORTER
आईपीएल की तर्ज पर पहली बार होगा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन, जल्द होगा खिलाड़ियों का मेगा ऑक्शन; 10 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी
मनोहरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आईपीएल की तर्ज पर पहली बार मनोहरपुर प्रीमियर लीग (MPL) का आयोजन होने जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को मनोहरपुर स्थित द कोईना रेस्टोरेंट में लॉटरी के माध्यम से प्रतियोगिता में शामिल होने वाली 10 टीमों के आइकॉन प्लेयर का चयन किया गया।
इस अवसर पर मनोहरपुर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष किशन सिंह उर्फ बुग्गी ने बताया कि मनोहरपुर में पहली बार उनकी कमेटी की ओर से इतने बड़े स्तर पर MPL का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमों को लॉटरी प्रक्रिया के जरिए उनके आइकॉन प्लेयर आवंटित कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आइकॉन प्लेयर के चयन के बाद अब प्रतियोगिता का अगला चरण खिलाड़ियों का ऑक्शन होगा। कुछ दिनों में ऑक्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी फ्रेंचाइजी अपनी पसंद के खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाएंगी। इसके बाद सभी टीमों की पूरी संरचना तैयार होगी और क्रिकेट का रोमांच शुरू होगा।
लॉटरी में इन 10 टीमों को मिले आइकॉन प्लेयर
-
मनोहरपुर टाइगर्स – सैफ अंसारी
-
मनोहरपुर लायंस – सुदेश महतो
-
मनोहरपुर सुपर किंग्स – अमन यादव
-
रॉयल चैलेंजर्स – अनुराग शर्मा
-
द कोईना वॉरियर्स – गोविंद महतो
-
महाकाल वॉरियर्स – आदित्य राज पोद्दार
-
मॉर्निंग स्टार – पवन महतो
-
सारंडा पैंथर्स – राहुल यादव
-
काली मंदिर – कमांडो
-
मनोहरपुर ब्लॉकबस्टर – सुनील नायक
ऑक्शन को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
MPL के आयोजन की घोषणा और आइकॉन प्लेयर के चयन के बाद स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें आगामी ऑक्शन पर टिकी हैं, जहां टीमों के बीच पसंदीदा खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए मुकाबला देखने को मिलेगा।
आयोजकों को उम्मीद है कि मनोहरपुर प्रीमियर लीग स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करेगी और क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।
इस मौके पर अनिकेत यादव, सौरभ, माही, नसहर समेत सभी फ्रेंचाइजी के सदस्य उपस्थित थे।

