News Lahar Reporter
रांची : झारखंड में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय से अटैच करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित नहीं कर पाने के कारण की गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी को तत्काल उनके पद से मुक्त कर पुलिस मुख्यालय से अटैच करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के आयुक्त और रांची के एडीजी को निर्देश दिया है कि वे लगातार क्षेत्र में कैंप करें और प्रतिदिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करें। इसके अलावा जमशेदपुर में तैनात रहकर डीआईजी को भी पूरे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कोताही पर कठोर कार्रवाई होगी

