NEWS LAHAR REPORTER
डालसा ने वृद्धजनों को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
मनोहरपुर, 01 अक्टूबर। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर एवं सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मनोहरपुर प्रखंड के सिमेरता स्थित वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वृद्धजनों द्वारा केक काटकर की गई। इस दौरान डालसा की ओर से उपस्थित वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वृद्धजनों के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता तथा उनके अधिकारों के संबंध में विस्तार से बताया गया। उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि किसी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर वे निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर वृद्धजनों के जीवन के अनुभवों को भी सुना और साझा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी वृद्धजनों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी अशोक कुमार महतो, कमला महतो, जनानी प्रधान, जेरार्ड हेंब्रम एवं अनिल कुमार महतो उपस्थित रहे।

