NEWS LAHAR REPORTER
गुवा पंचायत भवन में चार समूहों के बुजुर्गों के साथ हुई चर्चा, ‘बुजुर्गों से सीखो’ पहल के तहत साझा किए गए जीवन के अनुभव
गुवा। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को गुवा पूर्वी पंचायत भवन में बुजुर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान चार समूहों से जुड़े दीदी-दादाओं के साथ बैठक कर उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बुजुर्गों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही समूह से जुड़ने के महत्व और सामूहिक रूप से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
‘बुजुर्गों से सीखो’ पहल के तहत साझा किए अनुभव
कार्यक्रम के दौरान ‘बुजुर्गों से सीखो’ पहल के तहत बुजुर्ग सदस्यों के अनुभव, ज्ञान और जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सीख साझा की गई। बुजुर्गों ने भी अपने जीवन के अनुभव सुनाए और युवा पीढ़ी को उपयोगी सुझाव दिए। इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों के अनुभवों और ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
बैठक में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर बुजुर्गों को जागरूक किया गया। इसके अलावा वृद्ध सदस्यों के लिए आजीविका योजना को लेकर उनकी राय और आवश्यकताओं को भी जाना गया, ताकि भविष्य में उनकी जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा सकें।
कार्यक्रम में बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, उपमुखिया जानो चातर, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य भादों टोप्पो, सीएससी संचालक तापस, शंकर दास, पदमा केसरी तथा जेंडर सीआरपी ममता देवी और गीता देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
