जमशेदपुर : आयकर विभाग ने गुरुवार सुबह झारखंड के कई जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबा राइस मिल से जुड़े ठिकानों पर एक साथ धावा बोला। रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग समेत विभिन्न स्थानों पर टीमों ने पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, विभाग को आशंका है कि कंपनी द्वारा आय और लेन-देन से संबंधित आंकड़ों में गड़बड़ी की गई हो सकती है। इसी के मद्देनजर आयकर अधिकारी खाताबही, बिल, टैक्स रिटर्न और अन्य जरूरी कागजात खंगाल रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सर्वे के रूप में की जा रही है, जिसका उद्देश्य वास्तविक आय और घोषित आय के बीच अंतर की पड़ताल करना है। नए साल में झारखंड में आयकर विभाग की यह पहली बड़ी छापेमारी मानी जा रही है।
जानकारी यह भी मिल रही है कि झारखंड के साथ-साथ बिहार के कुछ जिलों में भी बाबा राइस मिल से जुड़े प्रतिष्ठानों पर समानांतर कार्रवाई चल रही है। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
